Select Date:

चीन जाते-जाते अचानक भारत की ओर घूमा, पहली बार ईरानी तेल की खेप लेकर पहुंच रहा यह टैंकर

Updated on 02-04-2026 01:10 PM
नई दिल्‍ली: समंदर में हलचल बढ़ गई है। एक टैंकर जिसे पहले चीन जाना था, वह भारत की ओर सिग्‍नल देने लगा है। इस पर ईरानी कच्‍चा तेल लोड है। इसका नाम पिंग शुन है। अमेरिका ने इस पर प्रतिबंध लगा रखा था। फारस की खाड़ी के अंदरूनी हिस्से से यह ईरानी कच्चा तेल ला रहा है। भारत के लिए यह लगभग सात सालों में इस तरह का पहला आयात हो सकता है। बशर्ते यह किसी और दिशा में नहीं घूमता है। पिंग शुन चीन जाता रहा है। लेकिन, अब तक इसने भारत में कभी डिलीवरी नहीं की है। ब्‍लूमबर्ग की रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी दी गई है।

पिंग शुन 2002 में बना एक अफ्रामैक्स जहाज है। जिस पर 2025 में अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया था। इसने सोमवार को संकेत देना शुरू किया कि वह इस हफ्ते के आखिर में भारत के पश्चिमी तट पर स्थित वडीनार बंदरगाह पर पहुंचेगा। जहाज-ट्रैकिंग डेटा से इसका पता चलता है।

मार्च में लोड क‍िया था तेल

केप्‍लर और वोर्टेक्‍सा जैसी जहाज-ट्रैकिंग फर्मों के अनुसार, इस टैंकर ने मार्च की शुरुआत में खर्ग द्वीप से कच्चा तेल लोड किया था। जहाज का डेस्टिनेशन अभी तय नहीं है। यह किसी भी समय बदल सकता है।
इस जहाज से सफल डिलीवरी होने पर मई 2019 के बाद यह भारत की ईरान से कच्चे तेल की पहली खरीद होगी। मई 2019 में अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण भारत ने इस देश से तेल का आयात बंद कर दिया था।

क्‍यों महत्‍वपूर्ण है यात्रा का समय?

  • यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत तेल की बढ़ती कीमतों से रूबरू है।
  • ईरान युद्ध के कारण मिडिल ईस्‍ट में ईंधन की सप्‍लाई बाधित हुई है।
  • इसके चलते समुद्री मार्ग होर्मुज स्‍ट्रेट लगभग बंद हो गया है।

अमेर‍िका ने दी है छूट

पिछले महीने अमेरिका ने बाजार को राहत देने की कोशिश करते हुए उन ईरानी कच्चे तेल पर अपने प्रतिबंधों में अस्थायी छूट दी थी जो पहले से ही टैंकरों में लोड हो चुका था। भारत के सरकारी खरीदारों ने अब तक ऐसी खरीद से परहेज किया है। कारण है कि भुगतान, शिपिंग और बीमा से जुड़ी बाधाएं संभावित सौदों को मुश्किल बना देती हैं।पिंग शुन का वडीनार जाने का संकेत खुले तौर पर देना इस बात का संकेत हो सकता है कि खरीदार उन बाधाओं को दूर करने के करीब पहुंच गए हैं।

अभी भी कई पेच हैं मौजूद

हालांकि, ऐसे मुद्दे अभी भी चुनौतियां पेश कर सकते हैं। जैसा कि हाल ही में भारत को ईरानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की बिक्री के मामले में देखा गया था। इस मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।
'सी बर्ड' नाम का एक जहाज 30 मार्च को मैंगलोर पहुंचा था। लेकिन, उसने अभी तक अपना माल नहीं उतारा है। बंदरगाह एजेंट की रिपोर्ट के अनुसार, रिसीवर अभी डिलीवरी लेने के लिए तैयार नहीं है। इन लोगों ने बताया कि भुगतान से जुड़े मुद्दों को अभी भी सुलझाया जा रहा है।
मामले से परिचित लोगों के अनुसार, अस्थायी छूट मिलने के बावजूद एशिया भर में अमेरिकी डॉलर से होने वाले भुगतानों में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले कुछ बैंकों ने संकेत दिया है कि वे ईरानी कच्चे तेल के लेन-देन में मदद नहीं करेंगे। कारण है कि ऐसा करने पर उन्हें प्रतिबंधित ईरानी संस्थाओं के साथ काम करना पड़ेगा, जो अभी भी मना है।

टैंकर की भारत में होगी पहली ड‍िलीवरी

इस हफ्ते अपना डेस्टिनेशन बदलकर वडीनार करने से पहले टैंकर ने संकेत दिया था कि वह चीन जा रहा है, जहां वह पहले भी कई बार जा चुका है। पिंग शुन की भारत में यह पहली ज्ञात डिलीवरी होगी।इक्‍वेसिस डेटाबेस के अनुसार, जहाज की चीन स्थित प्रबंधक कंपनी 'नाइसिटी शिपमैनेजमेंट' ने इस पर तुरंत जवाब नहीं दिया। इसकी मालिक कंपनी ब्‍लू वेनिस शिपिंग इंक. के संपर्क विवरण भी नाइसिटी जैसे ही हैं।
भारत की सरकारी रिफाइनरी कंपनियां वडीनार बंदरगाह पर अपने तेल के कार्गो प्राप्त करती हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी लिमिटेड शामिल हैं। इस महीने नायरा रखरखाव के लिए अपने प्लांट को एक महीने के लिए बंद कर देगी। इससे उसे कच्चे तेल के आयात की जरूरत नहीं रहेगी।

इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और नायरा ने ब्‍लूमबर्ग के भेजे गए ईमेल का तुरंत जवाब नहीं दिया है।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 20 June 2026
मुंबई: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) में इस बार तगड़ी वाली गिरावट देखी गई है। एक ही सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार से करीब 10 अरब डॉलर…
 20 June 2026
नई दिल्ली: थर्मल पावर प्लांट से निकली राख ( Fly Ash ) कभी पावर प्लांट के लिए सर दर्द का सबब था। लेकिन जबसे इसका उपयोग सड़क बनाने, सीमेंट या…
 20 June 2026
नई दिल्‍ली: साफ-सुथरी ऊर्जा की ओर दुनिया का झुकाव अब एक ज्‍यादा मुश्किल और अनिश्चित दौर में पहुंच रहा है। जियोपॉलिटिकल टेंशन, सप्लाई चेन में रुकावटें और एनर्जी सिक्‍योरिटी की…
 20 June 2026
नई दिल्ली: स्मार्टफोन और पैसेंजर वीकल्स की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण बड़ी संख्या में भारतीय कंस्यूमर्स अब रीफर्बिश्ड और सेकंड हैंड सामानों की ओर रुख कर रहे हैं। मोबाइल…
 19 June 2026
नई दिल्ली: एंप्लॉयीज प्रॉविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) के 7 करोड़ से अधिक सदस्य UPI और ATM के जरिए अपने पीएफ अकाउंट से फंड निकाल सकेंगे। सरकारी सूत्रों ने गुरुवार को…
 19 June 2026
नई दिल्ली: नेचुरल गैस (एलएनजी) एक्‍सपोर्ट में अमेरिका ने अपनी पकड़ मजबूत की है। पश्चिम एशिया के बीच संकट के दौर में उसे ऐसा करने का मौका मिला। ग्‍लोबल मार्केट…
 19 June 2026
 पश्चिम एशिया में युद्ध पर फिलहाल विराम है। लेकिन युद्ध की वजह से हुए नकुसान की भरपायी के लिए ईरान ने होर्मुज पर टोल वसूलने का संकेत दिया है। इससे…
 19 June 2026
नई दिल्ली: कोरोना महामारी के बाद भारत व्हिस्की की बिक्री में आई उछाल अब धीमी पड़ती दिख रही है। देश में विदेशी व्हिस्की की बिक्री की ग्रोथ 2025 में लगातार…
 16 June 2026
नई दिल्ली: हाल में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय बाजार से काफी पैसा निकाला है। इससे रुपये पर दबाव बढ़ा है और उसमें गिरावट आई है। इस बीच आरबीआई ने…
Advt.