रूस ने केवल शनिवार को ही 33 क्रूज़ मिसाइलें दागी
यूक्रेन के कई शहरों पर शनिवार को रूसी हमले हुए थे। राजधानी कीव और पूर्वोत्तर शहर खारकीव को भी निशाना बनाया गया है, जिससे यूक्रेन के ऊर्जा अवसंरचना एवं शहरी केंद्रों पर दो हफ्तों से बरकरार शांति खत्म हो गई। रूस ने रविवार को मिसाइल दागने की बात तो मानी, लेकिन उसने निप्रो की रिहायशी इमारत का जिक्र नहीं किया। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर-एन-चीफ जनरल वेलेरी ज़ालुझनी के मुताबिक, रूस ने शनिवार को 33 क्रूज़ मिसाइलें दागी थीं, जिनमें से 21 को मार गिराया गया था।
निप्रो शहर में रिहायशी इमारत की ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया। इस इमारत में तकरीबन 1,700 लोग रहते थे। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाकर मदद के लिए संकेत दिए। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि कम से कम 73 लोग जख्मी हुए हैं और रविवार दोपहर तक 39 लोगों को बचा लिया गया है। निप्रो सरकार ने रविवार दोपहर बताया कि 43 लोग लापता हैं।
